मसवासी (रामपुर)। चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता देवर से विवाद के चलते पति के साथ मायके जा रही थी। इस दौरान रास्ते में उसका इस बात को लेकर पति से भी विवाद हो गया जिसके चलते वह चलती बाइक से कूद गई। जिस कारण विवाहिता मामूली तौर पर घायल हुई है। आरोप है कि इस दौरान दंपती में सरेबाजार जमकर तकरार हुई और वह तलाक मांगने लगी। दंपती के बीच विवाद देखकर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
बुधवार को क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता का अपने देवर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जाता है इस कारण देवर नाराज होकर घर से चला गया था। देवर के घर से चले जाने के कारण विवाहिता की सास सदमे में आ गईं, जिस पर विवाहिता के पति ने मां की हालत को देखते हुए अपने भाई को तलाश कर लिया और घर ले आया। बताया जाता है कि देवर को देखकर विवाहिता नाराज हो गई। इसी बात को लेकर पति पत्नी में विवाद हो गया और वह अपने पति से तलाक मांगने लगी और मायके छोड़ने की जिद करने लगी। बुधवार को विवाहिता अपने पति के साथ मायके जा रही थी इस दौरा बाइक पर विवाहिता की बहन भी सवार थी। इस दौरान विवाहिता अपने पति से उसे रास्ते में एक कस्बे में छोड़ने की जिद करने लगी लेकिन, पति नहीं माना और उसने बाइक ससुराल की ओर मोड़ दी। जिस पर विवाहिता बाइक से चलती बाइक से कूद गई और चोटिल हो गई। इसके बाद दंपती में विवाद शुरू हो गया तो मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस के सामने विवाहिता की बहन ने बताया कि बाइक से उसकी बहन खुद कूद गई थी, उसमें उसके जीजा की कोई गलती नहीं है। लेकिन, इसके बाद विवाहिता तलाक की जिद पर अड़ गई।