स्वार। नगर के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए उसे उत्तराखंड के काशीपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बिना किसी कानूनी कार्रवाई के परिजन शव घर ले आए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मिलक काजी निवासी कामिल की 35 वर्षीय पत्नी भूरी को प्रसव पीड़ा होने पर नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि दोपहर बाद महिला का सुरक्षित प्रसव हुआ और उसने एक शिशु को जन्म दिया। इसके कुछ समय बाद ही प्रसूता को अचानक अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, उपचार के बावजूद उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई।
स्थिति गंभीर देख परिजन उसे तुरंत काशीपुर (उत्तराखंड) के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान भूरी ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।