मिलक। नेशनल हाईवे पर शनिवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
बरेली के थाना शाही क्षेत्र के गांव चकदा निवासी सलीम अपनी पत्नी रुखसाना (32), तीन वर्षीय बेटे अरशद और दो वर्षीय अरशान के साथ बाइक से संभल स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। नेशनल हाईवे पर ग्राम लोहा पट्टी के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिलक पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने रुखसाना को मृत घोषित कर दिया। सलीम और दोनों बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि सलीम खेती-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। हादसे में रुखसाना की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। वहीं कोतवाल मनीराम सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में महिला की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।संवाद