पटवाई। पटवाई। नानकार गांव में एक महिला छत पर सरिया उठाते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। गंभीर हालत में उसे मेरठ रेफर किया गया है, जहां उपचार जारी है।
क्षेत्र के मदारपुर के मजरा चंडका निवासी भूकन ने बताया कि उनकी पत्नी मितलेश अपने मायके नानकार गांव गई थी। शनिवार सुबह वह छत पर उपले उतारने गई थीं। इस दौरान छत पर रखे सरिया को उठाकर दूसरी जगह रख रही थीं कि अचानक सरिया पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गईं।
आसपास के लोगों ने डंडे की मदद से उन्हें बचाया और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। बिजली विभाग के जेई विरेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि की है।