पटवाई। शादी के दो दिन बाद ही एक महिला ससुराल से गायब हो गई। पति का आरोप है कि पेट दर्द होने पर अल्ट्रासाउंड कराने के बहाने उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पटवाई थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की शादी 18 अक्तूबर को हुई थी। उसकी पत्नी 20 अक्तूबर को ससुराल से गायब हो गई। पति ने बताया कि घटना के दिन वह घर पर नहीं था और उसकी पत्नी अकेली थी। आरोप है कि पत्नी के गांव का एक युवक और उसके परिवार के कुछ लोग पेट दर्द होने की बात कहकर उसे अल्ट्रासाउंड कराने के लिए रामपुर ले गए।
पति के मुताबिक, अस्पताल में एंट्री तो हुई, लेकिन डॉक्टर के अनुसार अल्ट्रासाउंड नहीं कराया गया। इसके बाद से उसकी पत्नी का कोई पता नहीं चल रहा है। पति का आरोप है कि पत्नी को साथ ले जाने वाले लोग भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। थाना प्रभारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत मिली है, मामले की जांच की जा रही है। संवाद