रामपुर में शुक्रवार को बंद पड़ी रोशनबाग की औद्योगिक इकाइयां।
औद्योगिक इलाकों में स्थित औद्योगिक इकाइयों में कामकाज शुक्रवार को भी बंद रहा। इस दौरान यहां तैनात कर्मियों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। हालांकि कुछ इकाइयों में कामकाज सिर्फ औपचारिकतावश चालू है। औद्योगिक इकाइयों में इन दिनों कामकाज पूरी तरह ठप है। उद्योग बंधु की बैठक में 12 अप्रैल को 29 उद्यमियों को आवंटित किए गए भूखंडों के आवंटन को निरस्त करने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया था।
नाराज उद्यमी हड़ताल का शुक्रवार को तीसरा दिन था। तीसरे दिन हड़ताल को लेकर वे दो धड़ों में बंट गए थे। कुछ उद्यमियों ने नगर विकास मंत्री के सामने निरस्तीकरण की कार्रवाई को रोकने की गुहार लगाई थी और खुद को हड़ताल पर न होने की बात कही थी। मगर, इस बीच तमाम इकाइयों में शुक्रवार को भी ताले बंद रहे। इस दौरान इन इकाइयों में किसी भी तरह का कोई काम नहीं हुआ,जिसकी वजह से दिक्कत हुई। उद्यमी कपिल आर्य का कहना है कि उनकी हड़ताल जारी है। प्रशासन को अपने कदम वापस लेने चाहिए।