चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी केे रिटायरमेंट पर हुई पार्टी में स्टाफ ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) को मयखाना बना दिया। बाबू के कमरे के अंदर और बाहर जमकर जाम छलकाए गए। शराब के नशे में धुत लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बात इतनी बढ़ी कि मारपीट होने लगी। कालेज के गेट पर भी मारपीट हुई। आसपास के लोगों ने पहुंचकर झगड़ा कर रहे लोगों को शांत कराया। इसका वीडियो वायरल हो गया है। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है, जबकि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी 30 अगस्त को रिटायर हुआ था। हालांकि, कालेज की प्रधानाचार्या ने जानकारी से इंकार किया है। कहा, मामले की जांच कराई जाएगी।
स्वार-रामपुर मार्ग स्थित राजकीय कन्या इंटर कालेज में कक्षा 6 से लेकर इंटर तक की छात्राएं पढ़ती हैं। कालेज का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी 30 अगस्त को सेवानिवृत्त हुआ था। बताते हैं कि कालेज के स्टाफ और साथियों ने कर्मचारी से पार्टी की मांग की थी। मंगलवार की देर शाम कालेज में पार्टी का दौर शुरू हुआ। बाबू के कार्यालय के अंदर और बाहर बैठकर खूब जाम छलकाए गए। किसी बात को लेकर शराब के नशे में कालेज के स्टाफ और मौजूद अन्य लोगों में कहासुनी हो गई। इसके बाद गाली-गलौज भी होने लगी।
हंगामा होता देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों ने कालेज के स्टाफ को समझाकर शांत कराया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल हो गया है। जिस कमरे में शराब पीने और पिलाने का दौर चल रहा था, उसी कमरे की टेबल पर राष्ट्रीय ध्वज लगा हुआ था। शराब पीने वालों ने उसकी गरिमा का भी ख्याल नहीं रखा।