रामपुर। मसवासी क्षेत्र के सीतारामपुर गांव में रविवार रात घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी पत्नी के सिर पर सिलबट्टे से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में खलबली मच गई और लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर कोतवाली प्रभारी अनुपम शर्मा और मसवासी चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
रविवार रात करीब नौ बजे स्वार थाना क्षेत्र के सीतारामपुर निवासी धर्मेंद्र का अपनी पत्नी रीना (32) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पति-पत्नी के बीच तकरार बढ़ने पर धर्मेंद्र ने घर में रखे सिलबट्टे से रीना के सिर पर प्रहार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से रीना की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी धर्मेंद्र मौके से भाग निकला।
बताया जाता है कि मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। इनमें पांच वर्षीय बेटा रुद्र और दो वर्षीय बेटी राधिका हैं। घटना के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में भी कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति धर्मेंद्र नरपतनगर में पेस्टीसाइड की दुकान चलाता है। हत्या की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी अनुपम शर्मा और मसवासी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि मौके पर पति द्वारा पत्नी के सिर पर सिलबट्टे से प्रहार करने की जानकारी मिली है, जिससे उसकी मौत होना बताया जा रहा है। आरोपी वारदात के बाद भाग गया है, उसकी तलाश की जा रही है।