मौसम का मिजाज फिर बिगड़ गया। आसमान पर काले बादल देख किसान चिंतित हो उठे। किसानों को चिंता सता रही है कि अगर तेज हवा के साथ बारिश हो गई तो गेहूं की फसल को भारी नुकसान हो सकता है।
कहते हैं कि रबी की फसल रब के हाथ में हैं क्योंकि जब गेहूं की फसल पकने को होती है तो ओलावृष्टि का डर लगा रहता है। दो साल पहले बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल बर्बाद हो गई थी। चूंकि इस वक्त भी गेहूं की फसल में बाली बनकर तैयार हो गई है। अगैती फसल में दाना भी बन गया है। फसल को अब पानी की आवश्यकता नहीं है। ऐसे में अगर तेज हवा के साथ बारिश हुई तो गेहूं की फसल गिर जाएगी।
शुक्रवार को मौसम का मिजाज बिगड़ गया। दिन निकला तो आसमान पर काले बादल दिखाई दिए। किसान आसमान पर काले बादल देखकर चिंतित हो उठे। खराब मौसम से ठंड में भी इजाफा हो गया। कई दिन से धूप निकल रही थी। लिहाजा धीरे-धीरे मौसम में गरमाहट आ रही थी। लेकिन, आज जैसे ही मौसम का मिजाज बदला ठंड भी बढ़ गई। जिला कृषि अधिकारी विश्वनाथ का कहना है कि अगर बारिश के साथ तेज हवा चली तो गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। तेज हवा से गेहूं की फसल गिर सकती है। फसल गिरने से गेहूं का उत्पादन घट सकता है। ऐसे मौसम में ओलावृष्टि का भी खतरा बना रहता है।