रामपुर। जिले के 114 केंद्रों में गेहूं खरीद 30 मार्च से शुरू हो रही है। सरकार ने गेहूं का एमएसपी 2585 रुपये प्रति क्विंटल रखा है। उधर खुले बाजार में गेहूं का बाजार भाव 2500 रुपये प्रति क्विंटल चल रहा है। ऐसे में इस बार सरकारी तौल केंद्रों में गेहूं अधिक आने की संभावना अधिक है। विभाग भी इस हिसाब से ही तैयारी कर रहा है।
पिछले वित्तीय वर्ष में गेहूं का बाजार भाव काफी तेज था। बाजार भाव एमएसपी से अधिक होने पर जिले में गेहूं खरीद तय लक्ष्य को भी पूरा नहीं कर पाई। उधर, सरकारी तौल केंद्रों में गेहूं खरीद की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। सरकार एफसीआई, आरएफसी सहित सात क्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों का गेहूं क्रय करेंगी।
जिले में गेहूं खरीद के लिए 114 सेंटर बनाए गए हैं। सभी सेंटर में तैयारियां पूरी की जा चुकी है। विभाग को अंदेशा है कि गेहूं का बाजार भाव एमएसपी से कम है। इस कारण सरकारी तौल केंद्रों में गेहूं खरीद अधिक होगी। इसको लेकर विभाग पूरी तैयारी कर रहा है।
डिप्टी आरएमओ प्रिंस चौधरी ने बताया कि खुले बाजार में गेहूं के दाम करीब 2500 रुपये प्रति क्विंटल के आस-पास हैं। जबकि एमएसपी अधिक है। पिछले वर्ष एमएसपी से अधिक भाव में खुले बाजार में गेहूं बिका था। बाजार भाव कम होने के कारण सरकारी तौल केंद्रों में गेहूं अधिक आने की संभावना है।