रामपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे के बाद सरकार की ओर से वीकेंड लॉकडाउन बढ़ाकर मंगलवार को सुबह सात बजे तक कर दिया गया है। इसके साथ ही रात को आठ बजे से रामपुर के बाजार पूरी तरह से बंद हो गए। दिन में बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने सब्जियों से लेकर अन्य सामान तक की जमकर खरीदारी की।
जिले में कोरोना संक्रमितों की तादात लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को ही रामपुर में कोरोना संक्रमण के 84 मामले सामने आए। ऐसे में कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए सरकार की ओर से वीकेंड लॉकडाउन बढ़ा दिया है। हालांकि, इसमें इजाफा एक ही दिन का किया गया है। नए निर्देशों के मुताबिक शुक्रवार रात आठ बजे से लेकर मंगलवार को सुबह सात बजे तक लॉकडाउन रहेगा। सिर्फ आवश्यक सेवाओं को लेकर छूट रहेगी। ऐसे में तीन दिन दुकानें बंद रहेंगी। लिहाजा, लोगों ने अपनी जरूरत के हिसाब से फल, सब्जी, राशन आदि सामान जुटा लिया। इसके लिए शाम पांच बजे के बाद से ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। ज्वालानगर, आवास विकास, मिस्टन गंज, हामिद इंटर कॉलेज के पास समेत तमाम बाजारों में लोगों की भीड़ रही। रात को आठ बजते ही शहर की तमाम दुकानें बंद हो गईं। सिर्फ मेडिकल से जुड़ी दुकानें ही खुली रहीं। वहीं, ग्रामीण इलाकों में भी कुछ ऐसा ही माहौल देखने को मिला। स्वार, टांडा, शाहबाद, मिलक, बिलासपुर समेत तमाम इलाकों में अधिकांश दुकानें बंद हो गईं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रामभरत तिवारी ने बताया कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाएगा। हालांकि, जरूरी सेवाओं से जुड़े लोग अपने आईकार्ड दिखाकर आ जा सकेंगे।