तहसील परिसर में हुए जलभराव से परेशान अधिवक्ताओं ने प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त करते हुए तहसील में भरे पानी में धान की पौध रोपकर आक्रोश जताया। मंगलवार को एक घंटे हुई मूसलाधार बारिश से पहली बार तहसील परिसर में पानी भर गया। इससे अधिवक्ताओं, नीति पत्र लेखकों और अन्य लोगों को गंदे पानी से गुजरना पड़ा। इस पर उन्होंने प्रशासन के प्रति रोष जताते हुए तहसील परिसर में भरे पानी में धान की रोपाई की। इस दौरान सीनियर बार अधिवक्ता महबूब अली, बृज किशोर दिवाकर, अथर फईम, मोहम्मद आसिफ अंसारी, नवाब दूला खां, मोहम्मद आरिफ, शमशाद अली, शेख नदीम अहमद आदि लोग मौजूद रहे।
नगर में मंगलवार की सुबह हुई बारिश से पूरे नगर में जलभराव हो गया। बारिश का पानी सड़क, सरकारी कार्यालयों और दुकानों में भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस पर एसडीएम ने पुलिस बल और पालिका कर्मचारियों को साथ लेकर नाले-नालियोें से अतिक्रमण हटवाया। साथ ही बंद नाले-नालियों को जेसीबी मशीनों से खुलवाकर जलभराव से निजात दिलवाई।
नगर में बारिश के कारण हो रहे जलभराव से नगर वासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार की सुबह एक घंटे लगातार हुई झमाझम बारिश से नगर के गली-गलियारे, मेन मार्केट, तहसील परिसर, ब्लाक परिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित विद्यालय और कालेज परिसरों में पानी भर गया। इससे लोगों को आवागमन के लिये भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मेन मार्केट में पानी की निकासी न होने के कारण बारिश का पानी दुकानों में जा घुसा। इससे दुकानदारों का सामन खराब हो गया।
नगर में जलभराव की समस्या को देखते हुए एसडीएम अभय गुप्ता ने कोतवाली पुलिस, पालिका कर्मचारियों और जेसीबी मशीन मंगवाकर स्वार-रामपुर-बाजपुर मार्ग पर नाले-नालियों पर हुए अतिक्रमण को हटवाया। साथ ही बंद और चोक पड़े नाले-नालियों की जेसीबी मशीन से सफाई कराई। इसके बाद ही जलभराव से निजात मिल सकी। इस दौरान दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। वहीं, नगर वासियों का कहना है कि नाला निर्माण सही ढंग से न होने के कारण रोज हो रही बारिश से जलभराव की समस्या बनी हुई है।
उन्होंने पालिकाध्यक्ष शफीक अहमद अंसारी से रोेजमर्रा हो रहे जलभराव की समस्या से शीघ्र निजात दिलाए जाने की मांग की। वहीं, पालिकाध्यक्ष शफीक अहमद अंसारी ने बताया कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही नाले का पुन: निर्माण कराया जाएगा। एसडीएम अभय गुप्ता ने बताया कि नाले-नालियों पर पक्का निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, नगर के मोहल्ला स्वार खास निवासी इस्तेखार पुत्र मुख्त्यार के मकान का लिंटर गिर गया। जिसमें उसका 12 वर्षीय बेटा कासीम व आठ वर्षीय बेटी शिफा मामूली रूप से घायल हो गये। जबकि अन्य परिजन बाल बाल बच गये। वहीं, दढ़ियाल में नाला चोक होने से मंगलवार को हुई बारिश का पानी गली-मोहल्लों में भर गया। इससे लोगों काफी परेशानी हुई।