शनिवार रात और रविवार सुबह हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई। रविवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए थे। सुबह दस बजे करीब झमाझम बारिश ने सड़क से गलियों तक में पानी भर दिया। जिससे वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गलियों में पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी हुई।
शनिवार दोपहर के बाद रात में जिलेभर में बारिश हुई। इसके बाद रविवार को भी सुबह करीब तीन घंटे तक बारिश हुई। इस दौरान कभी हल्की तो कभी तेज बूंदे पड़ीं। बारिश से तापमान में गिरावट ने लोगों को राहत दी। तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया तो उमस में भी काफी कमी हुई। हालांकि बारिश थमने के कुछ घंटों बाद ही उमस ने दोबारा बेहाल करना शुरू कर दिया। इधर, बारिश की वजह से कई स्थानों पर जलभराव हो गया।
जौहर अली रोड, कचहरी के निकट, सैनी बस्ती, न्यू कृष्णा विहार कालोनी, विकास नगर, शिव विहार, आगापुर रोड, पुरानी आवास विकास, एलआईसी रोड के निकट, गंगापुर आवास विकास समेत कई मोहल्लों में लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा। न्यू कृष्णा विहार और विकास नगर में तो गलियों पर ओवरफ्लो पानी लोगों के घरों तक में घुस गया। इधर, टांडा, मिलक, बिलासपुर और स्वार में भी बारिश की वजह से जलभराव हो गया और लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।