सामान्य प्रेक्षक रंजीत सिंह देओल ने माइक्रो आब्जर्वर को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मतदान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। साथ ही सभी आब्जर्वरों को सतर्कता बरतते हुए कड़ी निगरानी के निर्देश हैं। साथ ही कहा है कि यदि कहीं कोई भी गलत गतिविधि दिखे तो तुरंत इसकी जानकारी दी जाए।
विकास भवन सभागार में लोकसभा चुनाव के अंतर्गत 23 अप्रैल को होने वाले मतदान के दौरान जनपद के चिह्नित 165 बूथों पर लगाए गए माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। सामान्य प्रेक्षक ने कहा कि माइक्रो आब्जर्वर मतदान के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखते हुए निर्धारित 18 बिंदुओं पर सूचना प्रेषण का कार्य करेंगे।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार माइक्रो आब्जर्वर मतदान के दिन निर्वाचन प्रक्रिया संबंधी तैयारी, पोलिंग पार्टी की उपस्थिति, अभ्यास मतदान, मतदान बूथों पर सुविधाएं, सुरक्षा सहित विभिन्न गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे तथा सीधे आब्जर्वर को सूचित करेंगे।
जनपद के चिह्नित 165 बूथों पर माइक्रो आब्जर्वर तैनात रहेंगे तथा 20 माइक्रो आब्जर्वर को रिजर्व में रखा गया है। इन माइक्रो आब्जर्वरों के लिए रैंडमाइजेशन के अंतिम चरण में बूथ निर्धारित किए जाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रभारी अधिकारी मतदान एवं कार्मिक शिवेन्द्र कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर मानसिंह पुण्डीर, उप निदेशक कृषि ब्रजेश चंद्र, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रवींद्र सिंह चैहान और जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।