जिला और क्षेत्र पंचायत सदस्य के पहले चरण के चुनाव में चमरौवा और शाहबाद की 291 सीटों पर घमासान होगा। इसमें 13 सीटें जिला पंचायत की रहेंगी। 28 सितंबर से शुरू होने वाली नामांकन प्रक्रिया के लिए जहां एक ओर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है, वहीं राजनीतिक माहौल भी गर्माने लगा है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला पंचायत सदस्य के साथ ही क्षेत्र पंचायत सदस्यों का भी चुनाव कराने का ऐलान किया है। प्रदेश के हर जिले में चार चरणों में चुनाव कराया जाएगा। पंचायत चुनाव के पहले चरण में चमरौवा और शाहबाद में मतदान होना है। इसके लिए 28 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
पहले चरण पर नजर दौड़ाई जाए तो चमरौवा और शाहबाद क्षेत्र में जिला पंचायत की 13, जबकि क्षेत्र पंचायत की कुल 277 सीटों पर कड़ा मुकाबला होने के आसार हैं। पहले चरण में कुल 3.88 लाख वोटर जिला और क्षेत्र पंचायत के 277 सदस्यों का चुनाव करेंगे। पहले चरण में नौ अक्तूबर को क्षेत्र में 272 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
599 बूथों पर मतदान संपन्न होगा। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 28 सितंबर से कलेक्ट्रेट स्थित सिटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट में शुरू होगी। इसके साथ ही क्षेत्र पंचायत सदस्यों की नामांकन प्रक्रिया चमरौवा और शाहबाद ब्लाक में संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए आरओ और एआरओ की तैनाती की जा चुकी है।