मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए डेढ़ सौ बसों से आएंगे ग्रामीण
विकासखंडों के अनुरूप लगाई गईं बसें, निजी बसों के रूटों पर हो सकती है दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व अन्य लोग पहुंचेंगे। इसके लिए प्रशासन की ओर से विकासखंडों अनुरूप बसें लगाई गईं हैं। डेढ़ सौ बसों की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के बाद इन्हीं बसों से लोग रवाना होंगे। ऐसे में बसें अधिग्रहीत होने की वजह से निजी बसों के रूटों पर यात्रियों को दिक्कतें हो सकती हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों व ग्रामीणों को लाने और ले जाने के लिए प्रशासन की ओर से बसों का इंतजाम किया गया है। सूत्रों के मुताबिक प्रशासन की ओर से 150 बसों का अधिग्रहण किया गया है। ये वे बसें हैं, जो विभिन्न प्राइवेट रूटों पर संचालित होती हैं। इन्हीं बसों के जरिए लोग मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रामपुर आएंगे। प्रशासन की ओर से सभी बसों को विकासखंड के अनुरूप खड़ा कराया जाएगा, जिसके बाद बसें लोगों को लेकर आएंगी।
बाद में इन्हीं बसों से लोगों को वापस भेजा जाएगा। ऐसे में ये बसें अधिग्रहीत होने की वजह से स्वार, टांडा, मिलक-बिलासपुर, रामपुर-केमरी, शाहबाद-रामपुर वाले रोड पर यात्रियों को आवागमन में दिक्कतें हो सकती हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों की मानें तो जिले में तो जिले में करीब तीन सौ बसें प्राइवेट रूटों पर संचालित होती हैं। ऐसे में दिक्कत होना स्वभाविक है।