केमरी। क्षेत्र के ग्राम स्वार खुर्द के पास रेलवे लाइन पर बन रहे अंडरपास के निर्माण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बारिश के दिनों में बाढ़ का पानी गांव में घुस सकता है। शनिवार सुबह दर्जनों ग्रामीणों ने अंडरपास स्थल पर पहुंचकर धरना देते हुए जमकर हंगामा किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि अंडरपास के निर्माण से पानी की निकासी पूरी तरह बंद हो जाएगी, जिससे जलभराव और बाढ़ का खतरा पैदा हो जाएगा। करीब पांच घंटे तक रेलवे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ग्रामीण धरने पर बैठे रहे।
सूचना पर नायब तहसीलदार अंकित अवस्थी मौके पर पहुंचे और रेलवे अधिकारियों से वार्ता के बाद फिलहाल अंडरपास का निर्माण कार्य रुकवा दिया। नायब तहसीलदार ने बताया कि होली के बाद दोनों पक्षों से वार्ता कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उनके आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। प्रदर्शन करने वालों में महेश कुमार, मुकेश गुप्ता, नीरज गुप्ता, दलपत, तेजराम, जगदीश, राशिद, शाहिद अली आदि ग्रामीण शामिल रहे।