शाहबाद। अनुसूचित जाति की एक महिला की खरीदी हुई जमीन पर अवैध कब्जा करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर धमकी देने के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज वाल्मीकि समाज और ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम शाहपुर देव निवासी ताराचंद की पत्नी क्रांति देवी की खरीदी हुई जमीन पर कुछ लोगों ने कथित रूप से अवैध रूप से नींव डालकर बाउंड्री का निर्माण करा लिया। आरोप है कि विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी भी दी गई।
मामले की शिकायत 22 जून को एसडीएम से की गई थी, लेकिन 10 दिन बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार सीमा गंगवार को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में ताराचंद, क्रांति देवी, सूरजपाल, विनोद, चंद्रपाल, रत्नलाल और मनोज कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। नायब तहसीलदार सीमा गंगवार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।