स्वार। नगर में हाईटेंशन विद्युत लाइनों की गार्डिंग न होने से राहगीरों में नाराजगी और दहशत है। नौ महीनों में दो अलग-अलग घटनाओं में हाईटेंशन तार गिरने से एक युवक और एक किशोर की मौत हो चुकी है, बावजूद इसके विद्युत विभाग ने अभी तक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
नगर में अगस्त 2024 की देर शाम ईदगाह के पास 33 हजार वोल्ट की लाइन का तार गिरने से जीशान उर्फ तन्नू की मौत हो गई थी। अब ताजा मामला मोहल्ला चक बांसवाली मस्जिद निवासी खलील अहमद के बेटे मोहम्मद अयान का है, जो बुधवार को फेरी लगाकर सब्जी बेचने जा रहा था। इसी दौरान उस पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
लगातार हो रही इन घटनाओं से नगरवासियों में विद्युत विभाग के प्रति गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा के अभाव में हर कोई खतरे में है। बुधवार की घटना के बाद मोहल्ले के लोग इतने गुस्से में थे कि उन्होंने विभाग को तार जोड़ने तक नहीं दिया। बृहस्पतिवार को पुलिस की मौजूदगी में ही तार जोड़े जा सके।
तीन दिन बीत जाने के बावजूद विद्युत विभाग ने अब तक गार्डिंग कार्य शुरू नहीं किया है। हालांकि एसडीओ सर्वेश कुमार ने बृहस्पतिवार को दावा किया था कि जल्द ही गार्डिंग शुरू कराई जाएगी, लेकिन सूत्रों की मानें तो अभी तक केवल प्रस्ताव बनाकर स्वीकृति के लिए भेजा गया है। यह प्रस्ताव कब पारित होगा और गार्डिंग कार्य कब शुरू होगा, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।