जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाने को लेकर विश्व हिंदू परिषद ने रोष व्यक्त किया है। मामले में राहुल गांधी के बयान का विरोध जताते हुए संगठन ने रामपुर और शाहबाद में उनका पुतला फूंका। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता माला सिनेमा रोड पर एकत्र हुए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाने वाले छात्रों को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से दिया गया बयान निंदनीय है। देश में सभी जाति, धर्म समाज के जांबाजों ने देश की रक्षा के लिए बलिदान दिया है। ऐसे में देश प्रेमियों को दृढ़ता से सजग रहना है।
कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंककर विरोध जताया। इस दौरान रोशन लाल, लाल सिंह, मनोहर लाल वर्मा, राकेश सैनी, रमेश सैनी, अशोक, प्रवीण सिंह, भरत दिवाकर, रेखा सैनी, महेश्वरी, प्यारे लाल आदि मौजूद रहे। वहीं, शाहबाद में विहिप कार्यकर्ता बुधवार दोपहर रामलीला मैदान में एकत्र हुए। जुलूस निकाल कर बिलारी बस स्टैंड पहुंचे।
राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके पुतले को आग के हवाले कर दिया। जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा ने कहा कि जेएनयू में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए। पुतला फूंकने वालों में भागीरथ बरनवाल, रामसेवक शर्मा, राहुल गुप्ता, कुशल रस्तोगी, शिवम चैहान, निखिलेश शर्मा, गौरव वैश्य, अमन, तुषार शुक्ला, निशांत भारद्वाज, हरिओम आर्यन पाठक आदि मौजूद रहे।