रामपुर। स्वार क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान पति का गांव निवासी लोगों से प्रधानमंत्री आवास के बदले रुपये मांगने के आरोप का एक वीडियो वायरल हो गया। संबंधित लोगों ने वीडियो के साथ जिलाधिकारी से शिकायत की। जिस पर जिलाधिकारी ने पंचायत राज अधिकारी को संबंधित ग्राम प्रधान की जांच कर दोषी पाए जाने पर निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
स्वार क्षेत्र की पदमपुर ग्राम पंचायत के गांव बुढ़हानपुर निवासी रामप्यारी पत्नी लेखराज और प्रकाश कौर पत्नी देशराज ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ से मुलाकात कर ग्राम प्रधान पति सुरेश कुमार पर प्रधानमंत्री आवास की किस्त जारी होने के बदले रुपये मांगने की शिकायत की थी। इसको लेकर शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी को एक वीडियो भी दिखाया। जिस पर जिलाधिकारी संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम प्रधान को पक्ष रखने के लिए शुक्रवार को बुलाया था। शुक्रवार को ग्राम पंचायत अधिकारी रामपुर आए और अपना पक्ष रखा लेकिन, ग्राम प्रधान या उनके पति नहीं आए। जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को संबंधित ग्राम प्रधान पर लगे आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने पर निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर पदमपुर के प्रधान की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर पंचायत राज एक्ट के अनुसार निलंबन की प्रक्रिया की जाएगी।