राज्य ओपन बालक फुटबॉल टूर्नामेंट में मंगलवार को एक लीग और सेमीफाइनल मैच खेले गए। इसमें बनारस और फैजाबाद छात्रावास ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली है। टूर्नामेंट का फाइनल मैच बुधवार को खेला जाएगा। मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में चल रहे टूर्नामेंट में पहले मोहम्मद अली जौहर विवि और कुमायूं हीरोज क्लब बनारस के बीच लीग मैच हुआ।
इसमें दोनों टीमें ही कोई गोल नहीं कर सकीं और मैच ड्रा रहा। इसके बाद सेमीफाइनल मैच खेले गए, जिसमें पहली भिड़ंत फैजाबाद छात्रावास और बरेली छात्रावास के बीच हुई। रोमांचक मुकाबले में निर्धारित समय में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी और टाईब्रेकर से मैच का परिणाम निकाला गया।
इसमें सेकेंड डेथ में फैजाबाद छात्रावास ने मुकाबला 4-3 से जीत लिया। दूसरा सेमीफाइनल डीएफए आगरा और बनारस छात्रावास के बीच खेला गया। इस मैच में बनारस छात्रावास की टीम ने बादल की ओर से 44वें और 55वें मिनट में किए गए दो गोल की बदौलत डीएफए आगरा को 2-1 से पराजित कर दिया।
डीएफए आगरा की ओर से एकमात्र गोल अभी सिरोही ने किया। टूर्नामेंट का फाइनल मैच बुधवार को बनारस और फैजाबाद छात्रावास के बीच खेला जाएगा। मंगलवार को मैच रेफरी मनोज तिवारी, प्रकाश श्रीवास्तव, महेरूद्दीन खान, अमल कुंवर, राशिद अहमद, जे चकव्रती रहे।
इस दौरान मोहम्मद अली जौहर विवि के कुलपति मोहम्मद युनूस, प्रशासनिक अधिकारी अकबर मसूद, दानिश खां, जरीफ राजा, विवेक कुमार, मोहम्मद तालिब, बिलाल, युसूफ अली खां, असद खां आदि मौजूद रहे।