बिलासपुर। कोतवाली साइबर सेल की जांच में साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत जांच में पता चला है कि थाना क्षेत्र के पंजाब एंड सिंध बैंक का एक खाता साइबर ठगी में म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल हो रहा था।
कोतवाली प्रभारी जीत सिंह के अनुसार दक्षिणी दिल्ली साइबर पुलिस स्टेशन और थाना अंकलेश्वर, भरूच (गुजरात) की शिकायत की जांच में कोतवाली क्षेत्र की कादरीगंज शाखा का खाता संख्या 05261000010819 सामने आया। यह खाता ग्राम बेरखेड़ा फैजाबाद निवासी कोमल कौर पुत्री कुलवंत सिंह के नाम है।
जांच में सामने आया कि अनपढ़ महिला कोमल कौर का खाता उसका भाई हरजीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह संचालित कर रहा था। आरोप है कि हरजीत सिंह ने ऑनलाइन निवेश, पार्ट-टाइम नौकरी और अन्य स्कीमों के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर रकम इसी खाते में मंगवाई। इसके बाद रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर साइबर फ्रॉड नेटवर्क से कमाए गए पैसे को छिपाने और बांटने का काम किया।
कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में हरजीत सिंह का संगठित साइबर अपराध गिरोह की तरह काम करना पाया गया। दरोगा केशू शर्मा ने हरजीत सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।