स्वार। पति की दूसरी शादी को लेकर चल रहे विवाद में मंगलवार को कोतवाली परिसर में हंगामा हो गया। समझौते के लिए पहुंचे दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद गाली-गलौज शुरू हो गई। पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की है।
उत्तराखंड के बाजपुर निवासी इरफान अली ने करीब नौ वर्ष पहले शहनाज से शादी की थी, जिनसे उनके दो बच्चे हैं। उनका विवाद परिवार न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि इरफान ने पहली पत्नी को तलाक दिए बिना करीब एक वर्ष पहले स्वार की शबीना से दूसरी शादी कर ली। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया। मामला स्वार कोतवाली पहुंचने पर मंगलवार को पुलिस ने इरफान, उसकी दोनों पत्नियों और दोनों पक्षों को बुलाया। पुलिस दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास कर रही थी।
समझौते के दौरान दोनों महिलाओं ने तलाक देने से इन्कार कर दिया, जिससे कहासुनी और हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए, जिससे कोतवाली परिसर में अफरातफरी मच गई। इसके बाद पुलिस ने इरफान अली, शाकिर, शहनाज, वत्तरी, दानिश, मुस्ताक, शबीना और बिस्मिल्लाह सहित आठ लोगों को हिरासत में ले लिया। सीओ सोनम सिंह ने बताया कि न्यायालय में विचाराधीन विवाद के चलते हंगामा करने वाले आठ लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई हुई है। संवाद