रामपुर के नरपतनगर में डेंगू से दो लोगों की मौत हो गई है। गांव में कई लोग बुखार से पीड़ित है। उनका उत्तराखंड के कई अस्पतालों में इलाज हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि गांव में टीम भेजी जा रही है।
स्वार नगर पंचायत नरपतनगर-दूंदावाला में डेंगू से 24 घंटे में फूलजहां (24) और मुनसाद अली (17) की मौत हो गई। इसके साथ ही नगर में दर्जनों लोग बुखार से पीड़ित बताए जा रहे हैं। सभी का स्थानीय चिकित्सकों और उत्तराखंड के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
हालांकि सीएमओ डॉ. एसपी सिंह का कहना है कि अभी डेंगू नहीं आया है। टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। नगर के वार्ड नंबर पांच निवासी फूलजहां (24) को बीते एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। स्थानीय चिकित्सक से इलाज कराया जा रहा था, लेकिन सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ।
जिसके बाद उन्हें उत्तराखंड के बाजपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। बेहतर इलाज के लिए काशीपुर ले जाया गया। शुक्रवार को हालत में सुधार नहीं हुआ तो मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
विज्ञापन
वहां भी फायदा न होने पर परिजन अमरोहा के जोया स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को महिला की मौत हो गई। वहीं नगर निवासी मुनसाद अली (17) को तीन दिन से बुखार आ रहा था। जांच कराने पर डेंगू की पुष्टि हुई।
परिजन उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को मुनसाद की मौत हो गई थी। 24 घंटे के भीतर डेंगू से दो लोगों की मौत से लोग डरे हुए हैं। नगर के कई लोगों को बुखार आ रहा है और उनका उपचार चल रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष खालिद अली ने बताया कि नगर में बुखार का प्रकोप है। बहुत से रोगियों का स्थानीय स्तर के अलावा उत्तराखंड के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। सीएमओ ने टीम भेजकर जांच कराने की बात कही।