रामपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थियों की परीक्षाफल से संबंधित किसी भी प्रकार की त्रुटि, आपत्ति या शिकायत के निस्तारण के लिए क्षेत्रीय कार्यालय में ग्रीवांस सेल (शिकायत एवं निस्तारण प्रकोष्ठ) का गठन किया है। यह सेल 29 मई तक संचालित रहेगा।
सचिव की ओर से जारी आदेशों के क्रम में डीआईओएस ने भी जनपद के समस्त परीक्षार्थियों को सूचना जारी करते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों को अपने परिणाम में किसी प्रकार की गड़बड़ी, अंकपत्र में त्रुटि, विषयवार अंक को लेकर आपत्ति, अनुपस्थित दर्शाने, नाम या जन्मतिथि में गलती अथवा अन्य कोई समस्या हो, वे निर्धारित अवधि में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
डीआईओएस अंजलि अग्रवाल के अनुसार परीक्षार्थियों को अपनी शिकायत संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में जमा करनी होगी। इसके साथ नेट अंकपत्र की प्रति तथा समस्या से जुड़े आवश्यक साक्ष्य भी संलग्न करने होंगे। स्पष्ट किया गया है कि शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था की गई है, ताकि विद्यार्थियों को अनावश्यक दौड़-भाग न करनी पड़े। शिकायत दर्ज कराने के लिए विद्यार्थियों को अपने विद्यालय प्रधानाचार्य की आख्या तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
00000
रामपुर के विद्यार्थियों को बरेली कार्यालय से होगा संपर्क
डीआईओएस अंजलि अग्रवाल के अनुसार, रामपुर के परीक्षार्थियों के लिए संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय बरेली है। ऐसे में जिले के छात्र-छात्राओं को अपनी शिकायत बरेली क्षेत्रीय कार्यालय में दर्ज करानी होगी। इसके लिए दूरभाष नंबर और ई-मेल भी जारी किए गए हैं, जिससे विद्यार्थी पहले जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।