समाजवादी पार्टी के सील कार्यालय दारुल अवाम पर प्रशासन की ओर से राजकीय खुर्शीद इंटर कॉलेज का बोर्ड लगा दिया गया है। सपाइयों ने सोमवार को कार्यालय के बाहर केक काटकर अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया था। प्रशासन ने लीज की शर्तों का उल्लंघन करने पर सपा कार्यालय सील कर दिया था।
सील किए जा चुके सपा कार्यालय पर स्कूल का बोर्ड लगाए जाने का सपाइयों ने विरोध किया है। सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने बयान जारी करते हुए कहा कि पार्टी कार्यालय भवन दारुल अवाम एक वक्फ संपत्ति है, जो कि पार्टी द्वारा किराए पर ली गई है। इसका किराया दिया जा रहा है।
इस संपत्ति का उप्र सरकार द्वारा जौहर ट्रस्ट को लीज पर दी गई संपत्ति एवं भवन से कोई संबंध नहीं है। इसके बाद भी प्रशासन ने 10 नवंबर 2023 को पार्टी कार्यालय को सील कर दिया था। मामना कोर्ट में विचाराधीन है। प्रशासन द्वारा स्कूल का बोर्ड लगाना कोर्ट की अवमानना है।
राजकीय खुर्शीद कन्या इंटर काॅलेज के नए भवन में जूनियर सेक्शन चालू कर दिया गया है। अब सीनियर सेक्शन चालू किया जा रहा है। इसके लिए फर्नीचर पुराने काॅलेज से मंगवाया जा रहा है। प्रधानाचार्य शिव शंकर सिंह ने बताया कि जल्द ही सीनियर सेक्शन भी इस भवन में चालू कर दिया जाएगा।
दारुल अवाम के भवन को भी कब्जे में ले लिया गया है। यहां स्कूल संचालित होना है। शासन के आदेश पर इस भवन में भी पढ़ाई कराई जाएगी। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है। - शिव शंकर सिंह, प्रधानाचार्य, राजकीय खुर्शीद कन्या इंटर काॅलेज
लीज की शर्तों का उल्लंघन करने पर जौहर ट्रस्ट को आवंटित भवन जिसमें आरपीएस (गर्ल्स विंग) का संचालन हो रहा था, उसे खाली करा लिया गया था। अब इसमें राजकीय खुर्शीद कन्या इंटर कॉलेज शिफ्ट किया जा रहा है। - मुन्ने अली, जिला विद्यालय निरीक्षक