रामपुर। यूपी बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में टॉप टेन सूची में स्थान बनाने वाली विवेकानंद इंटर कॉलेज की दिव्यांग छात्रा याचना गंगवार को जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन देवकरन गंगवार ने सम्मानित किया। मिलक तहसील के विवेकानंद इंटर कॉलेज, सिलई बड़ा गांव की निवासी याचना गंगवार ने यूपी बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में दसवां स्थान प्राप्त किया है।
याचना के पिता नरेश कुमार किसान हैं, जबकि उसकी मां गृहिणी हैं। पिता ने बताया कि याचना के बाएं पैर में दिव्यांगता है, जिसके कारण वह शुरू में स्कूल नहीं जा पाई। हालांकि, उसने कभी हार नहीं मानी और पुनः पढ़ाई शुरू की। उसका सपना आईएएस बनने का है।
याचना की सफलता पर गांव और आसपास के इलाकों से लोग बधाई दे रहे हैं। इसी कड़ी में, जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन देवकरन गंगवार ने ग्रामीणों के साथ मिलकर याचना और उसके माता-पिता को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
इसके अलावा, गन्ना सहकारी समिति मिलक के चेयरमैन रजनीश पटेल ने याचना को शाल ओढ़ाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। रजनीश पटेल ने कहा कि याचना का संघर्ष और सफलता क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस मौके पर नरेंद्र गंगवार, सतेंद्र कुमार, धर्मपाल, नरेश कुमार, वेदप्रकाश, मुकेश कुमार, छेदलाल, चंद्रपाल आदि मौजूद रहे।