रामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा में शासन की सख्ती का असर पहले दिन दिखाई दिया। सख्ती के चलते पहले दिन ही हाईस्कूल और इंटर के कुल 3181 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास सन्नाटा छाया रहा। डीएम और एसपी ने केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा काे सुचितापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए। पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 44091 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। हाईस्कूल के 1895 और इंटर के 1286 परीक्षार्थी परीक्षा के दौरान अनुपस्थित रहे।
सोमवार को पहले दिन जिलेभर के सभी 72 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा शुरू होने के करीब एक घंटे पहले ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। सभी परीक्षा केंद्रों के गेट पर ही परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। परीक्षार्थियों का परिचय पत्र देखकर और उसका आधार कार्ड व पेन कार्ड से मिलान कर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने दिया गया। छात्राओं की तलाशी महिला शिक्षकों ने ली। जबकि छात्रों की तलाशी के लिए पुरुष शिक्षक लगाए गए थे।
पहली पाली में हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा में 25616 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 23721 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं, पहली पाली में एक परीक्षा केंद्र पर इंटर सैन्य विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत सभी आठ परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में इंटर हिंदी और सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा थी। जिसमें 21648 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 20362 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
सीसीटीवी कैमरों और वॉयस रिकार्डर की निगरानी में हुई परीक्षा
पहले दिन सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और वायस रिकार्डर की निगरानी में हुई। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की डयूटी लगाई गई थी। पूरे जिले को नौ जाेन और 16 सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। परीक्षा केंद्रों के एक किलोमीटर ही परिधि में फोटो स्टेट की दुकानें बंद करा दी गईं थीं। परीक्षा केंद्रों केे आसपास सन्नाटा छाया रहा। नकलविहीन परीक्षा के लिए सभी केंद्रोंं की वेबकॉस्टिंग कराई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर परीक्षा की निगरानी के लिए कंट्रोल भी बनाया गया है।
डीएम और एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
प्रथम पाली में हुई हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराये जाने को लेकर डीएम जोगिंदर सिंह और एसपी विद्या सागर मिश्र के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राजकीय रजा इंटर कालेज , राजकीय खुर्शीद कन्या इंटर कालेज और राजकीय मुर्तजा इंटर काॅलेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी जगह परीक्षा सुचारु रूप से संचालित होती पाई गई। डीएम ने परीक्षा ड्यूटी पर तैनात समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को माध्यमिक शिक्षा परिषद की गाइड लाइन का कड़ाई से अनुपालन करने के निर्देश दिए।
सोमवार से पहले दिन दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। किसी भी परीक्षा केंद्र से अनुचित साधन के प्रयोग का मामला नहीं पकड़ा गया। परीक्षा को सुचितापूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिए पहले दिन जिलेभर में छह सचल दलों ने परीक्षा केंद्राें का औचक निरीक्षण किया।
मुन्ने अली , जिला विद्यालय निरीक्षक