फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Election 2022 : रामपुर में धारदार तरीके से चला सत्ता का संग्राम, आगामी चुनाव को लेकर जानिए क्या है वहां की जनता के मन में

Sat, 13 Nov 2021 04:40 PM IST
सुशील कुमार कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रामपुर

खास बातें

अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' आज रामपुर में है। आपके पास 'अमर उजाला' के इस विशेष चुनावी अभियान से जुड़ने का अच्छा मौका है। यहां युवा और महिलाएं बताएंगी कि इस बार चुनाव को लेकर उनके क्या मुद्दे होंगे? शाम को प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं से तीखे सवाल पूछे जाएंगे। 
विज्ञापन
भाजपा का चुनावी रथ पहुंचा राजनीतिक दलों के बीच - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:24 PM, 13-Nov-2021

रविवार को बरेली में जुड़िए अमर उजाला के साथ

अमर उजाला के चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' का अगला पड़ाव बरेली है। अमर उजाला के इस कार्यक्रम से जुड़ना चाहते हैं तो रविवार को अमर उजाला के कार्यक्रम में शामिल हों।

04:05 PM, 13-Nov-2021

'भाजपा ने नहीं शुरू करवाई एक भी फैक्टरी'

कुछ नेताओं ने भाजपा से सवाल किया कि क्या कोई पुरानी फैक्टरी भी उन्होंने शुरू करवाई। इस पर भाजपा नेता बोले कि योगी जी की सरकार ने चीनी मिल को दोबारा शुरू कराया है। इस पर एक अन्य नेता ने कहा कि चीनी मिल की बात कर रहे हैं कि किसानों का गन्ना भुगतान कब करेंगे। मंडियों में किसानों के धान खरीदे नहीं जा रहे। उनका कितना शोषण हो रहा है। इस पर भाजपा नेता ने कहा कि खाद की अब सब्सिडी जा रही है। जो आंदोलन है वो माफियाओं का है किसानों का नहीं। इस पर विपक्षी ने कहा कि माफियाओं के लिए इन्होंने टेनी मिश्रा को छोड़ रखा है। भाजपा एक लाइसेंस दिखा दे जो बीते सालों में दिया हो। यह भाजपा सरकार नहीं वसूली और कमाऊ सरकार है। इस पर एक विपक्षी दल के नेता ने कुछ शायराना अंदाज में टिप्पणी की कि तुम्हारी फाइलों में गांव का मौसम गुलाबी है, मगर ये आंकड़े झूठे ये दावा किताबी है। अहमदनगर के एक शख्स ने बताया कि सड़कों पर काफी गड्ढे हैं, इससे बहुत परेशानी होती है।

04:02 PM, 13-Nov-2021

हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास पर काम करती है

भाजपा नेता ने कहा कि हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास पर चलती है। हमारी सरकार सभी को साथ लेकर चलती है। हमारी सरकार कौशल विकास कार्यक्रम लेकर आई। इस पर विरोधियों ने कहा कि इसके बाद भी उन्हें रोजगार नहीं मिलता। भाजपा नेता ने कहा कि आज यहां रास्ते में रात में 10 बजे 11 बजे या 12 बजे आइए महिलाएं सड़कों पर घूमती मिल जाएंगी।

विज्ञापन
03:56 PM, 13-Nov-2021

'समाज के सौहार्द को खत्म किया जा रहा है'

इस पर एक महिला नेता ने बताया कि रामपुर का बहुत विकास हुआ है। पुलिस व्यवस्था अच्छी हुई है। अपराध के मामले कम हुए हैं। इस पर उनके एक विरोधी ने कहा कि आंकड़े देखें तो अपराध बढ़े हैं। इस पर महिला नेता ने कहा कि आज आप महिलाओं से जाकर पूछिए तो वो बताएंगी कि वो आज कितना सुरक्षित महसूस करती हैं। आज बड़ी संख्या में महिलाएं राजनीति में भी आ रही हैं। इस पर उनके एक विरोधी ने बताया कि महिला आयोग की रिपोर्ट देखिए 2019-20 में अपराध पूरे प्रदेश में बढ़े हैं। 

वहीं एक युवा नेता ने कहा कि आज सौहार्द को खत्म किया जा रहा है। जब से भाजपा सरकार आई है मुसलमानों पर गोकशी के 4000 मामले लादे गए हैं। कानून का गलत इस्तेमाल हो रहा है। कुरेशी भाइयों में दहशत का माहौल है। योगी जी ने पुलिस वालों को सारी जिम्मेदारी दे रखी है।

03:49 PM, 13-Nov-2021

लालपुर पुल का मुद्दा बना बड़ा

भाजपा नेता ने कोरोना काल के समय की गई त्वरित कार्रवाई की भी सराहना की और सरकार की उपलब्धि बताई। वहीं एक अन्य नेता ने कहा कि लालपुर पुल साढ़े चार साल से नहीं बन सका है उससे कितना नुकसान हो रहा है। इस पर भाजपा ने कहा कि पुल तो आजम खां ने ही तोड़ा था। इस पर कांग्रेस ने कहा कि आजम खां और भाजपा ने रामपुर को बर्बाद किया। कांग्रेस के काल में यहां यूनिवर्सिटी और फैक्टरी भी थी लेकिन बाद में सब खत्म हो गया।

विज्ञापन
03:44 PM, 13-Nov-2021

क्या बोले आरएलडी के नेता

आरएलडी के नेता ने कहा कि रामपुर शहर गंगा-जमुनी तहजीब का रहा है जिसे भाजपा ने खराब किया है, हमारी ये तहजीब पूरे देश में मशहूर थी। योगी जी रामपुर में आकर धमकी देकर जाते हैं कि बुल्डोजर चलवाऊंगा। लोकतंत्र में आप कैसे इस तरह की धमकी दे सकते हो। हमारा सपा से भी गठबंधन होने जा रहा है, तब शहीद किसानों के साथ न्याय होगा।

03:37 PM, 13-Nov-2021

'सारा विकास सपा के शासन में हुआ'

समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि पहले यहां कितनी फैक्टरियां थीं लेकिन आजम खान को बदनाम करने के लिए कई काम हुए। रामपुर में जितनी सारी व्यवस्था है वो सब हमारे शासन में हुआ। अब सरकार दूसरी है तो काम नहीं करने दे रही। इस पर भाजपा नेता ने कहा कि इच्छा शक्ति हो तो हर काम हो सकता है लेकिन जो काम नहीं करना चाहेगा तो कुछ नहीं होगा। सपा और बसपा के कार्यकाल में बहुत कालाबाजारी हुई। यहां बिजली के नाम पर बहुत वसूली होती थी।

03:34 PM, 13-Nov-2021

बसपा जीतेगी कई सीटें

बसपा ने अन्य सभी पार्टियों को एक ही थाली का चट्टा-बट्टा बताया है। उन्होंने पूछा कि सपा नगर निगम में है क्या कर रही है। वहीं भाजपा ने अराजकता फैला रखी है। उनका कहना है कि इस बार बसपा सीटें जीतेगी। 

03:28 PM, 13-Nov-2021

शुरू हुई राजनीतिक दलों से चर्चा

अमर उजाल का चुनावी अब राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच में है। सपा प्रतिनिधि से शुरुआत की गई तो उन्होंने पार्टी के किए गए काम का उल्लेख करना शुरू कर दिया। उन्होंने ये आरोप लगाया कि कुछ अच्छे काम हमने शुरू किए थे वह पूरे नहीं हुए। इस पर भाजपा के नेता ने कहा कि विकास हो रहा है। माफिया राज खत्म किया गया है। अब रामपुर में एक प्राइवेट उद्यम है और पहले ऐसा माफिया राज था कि कोई उद्योग नहीं लगाता था। भाजपा नेता ने कहा कि सड़कें बहुत अच्छी हैं इस पर कांग्रेस नेता ने कहा कि यह गलत है। कांग्रेस के नेता ने कहा कि एक समय था जब यहां बहुत से उद्योग थे लेकिन सब जानते हैं किसके समय में यह सब खत्म हो गया। कांग्रेस ने दावा किया कि हर कीमत पर हम चार सीट लेकर रहेंगे और पांचवीं सीट पर अच्छा लड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सांप्रदायिक माहौल खराब कर रखा है। 

02:22 PM, 13-Nov-2021

महिला सशक्तिकरण है बड़ा मुद्दा

रामपुर में अधिकतर महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि यहां ऐसा कुछ हो जिससे महिलाओं को रोजगार मिले, वो आत्मनिर्भर हैं। वहीं एक दिलचस्प बात ये भी है कि महिलाएं जहां महंगाई को मुद्दा मान रही हैं वहीं उनका कहना है कि सरकार गरीबों के लिए इतनी स्कीम चला रही है तो थोड़ी महंगाई तो होगी ही। इसी के साथ आधी आबादी के साथ चर्चा का यह दौर यहीं खत्म हुआ। अब दौर में अमर उजाला का चुनावी रथ रामपुर के आंबेडकर पार्क सिविल लाइंस पहुंचेगा। जहां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से चर्चा की जाएगी। 

02:17 PM, 13-Nov-2021

डंपिंग ग्राउंड की है समस्या

कई महिलाओं ने डंपिंग ग्राउंड न होने को भी बड़ी समस्या बताया जिसकी वजह से जगह-जगह कचरे का ढेर लगा रहता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने कर्तव्यों का भी ध्यान रखना चाहिए। हमें वोट जरूर डालना चाहिए। एक अन्य महिला ने इलाके में जुआ-सट्टा की बात की, जिसकी वजह से उन्हें शोहदों से दो-चार होना पड़ता है।

02:15 PM, 13-Nov-2021

सब ठीक लेकिन महिलाओं के लिए नहीं है कोई रोजगार

एक महिला ने कहा कि यहां सब तो ठीक है लेकिन महिलाओं के लिए कोई काम नहीं है। अन्य जगहों पर तो है लेकिन रामपुर में भी कुछ ऐसा हो जिससे महिलाएं घर से निकलकर रोजगार कर सकें। 

02:09 PM, 13-Nov-2021

एक महिला ने कहा कि यहां महिलाओं के लिए शिक्षण के क्षेत्र के अलावा कोई ऐसा विकल्प नहीं है जहां महिलाएं काम कर सकें। वो हाउस वाइफ बनकर रह जाती हैं। उन्होंने ये भी कहा कि पुलिस कुछ चुस्त दुरुस्त है लेकिन बदमाश बहुत सक्रिय हैं। मेरे घर के बाहर से मेरे डेढ़ साल के बच्चे को उठा लिया था।

वहीं एक अन्य महिला ने कहा कि जिम्मेदारी हमारी भी है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनना पड़ेगा, अगर कोई चेन स्नैचिंग करता है तो उसे चप्पल से मारो फिर और लोग भी आएंगे। वह मुस्लिम समाज की महिलाओं का कहना है उनकी समाज की महिलाओं को अब पढ़ने दिया जाता है।

02:07 PM, 13-Nov-2021

आधी आबादी के बीच पहुंचा अमर उजाला

अमर उजाला का चुनावी रथ अब आधी आबादी के बीच पहुंच चुका है। रोशन बाग पार्क, सिविल लाइंस, रामपुर में महिलाएं जहां साफ-सफाई को लेकर संतुष्ट हैं वहीं सुरक्षा व चेन स्नैचिंग की बात कर रही हैं।

10:53 AM, 13-Nov-2021

सरकार अच्छा काम तो नहीं कर रही लेकिन खुश तो रहना ही पड़ेगा

अनम नाम की एक लड़की ने कहा कि सरकार अच्छा काम तो नहीं कर रही है लेकिन खुश तो रहना ही पड़ेगा। वह डॉक्टर बनना चाहती हैं और उनका कहना है कि रामपुर में ही कॉलेज हो तो बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

10:49 AM, 13-Nov-2021

युवाओं ने उठाया महंगाई का मुद्दा

एक युवा ने कहा कि हर चीज महंगी हो रही है। गैस, पेट्रोल डीजल से लेकर सीमेंट के कट्टे तक में महंगाई है तो इंसान क्या करेगा। जब शिक्षा के स्तर को लेकर युवाओं से सवाल किया गया तो एक युवा ने कहा कि जैसा पहले था वैसा अब भी है। अच्छी शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ता है। अधिकतर लोगों ने बाहर जाने की बात मानी।

10:47 AM, 13-Nov-2021

एक युवा ने कहा कि हमें अपने ऊपर भरोसा रखना चाहिए क्योंकि सरकार तो हमें कुछ दे नहीं रही।

10:44 AM, 13-Nov-2021

कमी सिस्टम में नहीं हम में हैं

एक छात्र ने कहा कि क्वालिटी एजुकेशन भारत में कम हो रही है। जिस वजह से बेरोजगारी बढ़ रही है। वहीं अन्य छात्रों ने भी इस बात का समर्थन किया हालांकि कुछ बच्चे इससे अलग राय रखी। एक छात्र ने कहा कि रामपुर में सीएस और सीए की अच्छी कोचिंग नहीं है जो होनी चाहिए। एक छात्रा ने कहा कि कमी सिस्टम में नहीं हम में है।

10:39 AM, 13-Nov-2021

युवाओं के बीच पहुंचा अमर उजाला

अमर उजाला अब इंपैक्ट कालेज, थूनापुर भोट, रामपुर पहुंच चुका है जहां अब युवाओं से चर्चा जारी है। जब युवाओं से सुरक्षा पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसा ही था आज भी वैसा ही है। पहले भी सुरक्षा थी आज भी सुरक्षा है। वहीं कई छात्राओं ने बताया कि अब घर से ज्यादा बाहर निकलने को मिलता है। वहीं एक छात्रा ने कहा कि आज शिक्षा पर ज्यादा खर्च हो रहा है तो ऐसे में डरने की कोई बात ही नहीं है जब हम शिक्षित होंगे तो सामने वाले का डटकर मुकाबला कर सकेंगे।

10:33 AM, 13-Nov-2021

इंपैक्ट कॉलेज में होगी युवाओं से चर्चा

अगले पड़ाव में सत्ता का संग्राम युवाओं के साथ होगा। इसके लिए कुछ देर में अमर उजाला इंपैक्ट कालेज, थूनापुर भोट, रामपुर पहुंचने ही वाला है। यहां से आप रामपुर के युवाओं की राय जान सकेंगे।

09:22 AM, 13-Nov-2021

नेताओं के चेहरे पर लोग करेंगे वोट

रवींद्र गुप्ता नाम के व्यक्ति ने कहा कि वर्तमान सरकार एक ही सिद्धांत पर काम कर रही है, सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास। फैक्टरियां पिछले सरकार में बंद हुई है अबकी सरकार में नहीं। अंत में यह बात सामने आई कि रामपुर में महंगाई बड़ा मुद्दा नहीं होगी, हालांकि बेरोजगारी और राजनेताओं के चेहरे पर लोग वोट कर सकते हैं।

09:14 AM, 13-Nov-2021

छोटे व्यापारियों के लिए गैस की कीमत सबसे बड़ी परेशानी है

एक शख्स ने बताया कि नेता अगर अच्छा होता है तो सरकार भी बढ़िया दिशा में काम करता है। स्थानीय चेहरे को देखकर काम करना चाहिए। एक शख्स ने बताया कि कोरोना काल में छोटे व्यापारियों को बहुत नुकसान हुआ है। एक समय में रामपुर में 17-18 फैक्टरियां थीं। आज एक ही फैक्टरी बची है। ऐसे में लोगों का गुजारा कैसे होगा। सरकार कोई भी हो छोटे व्यापारियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। आज सरकार अच्छा काम कर रही है लेकिन सबसे बड़ी परेशानी लोगों पर गैस की पड़ी है। पिछली सरकारों में धर्म के नाम पर लोगों को बांटा गया।

09:09 AM, 13-Nov-2021

रामपुर में खत्म हुई गुंडागर्दी

राजेश नाम के एक शख्स ने बताया कि जैसा चल रहा था सही चल रहा था लेकिन अब भी वैसा ही है। दाल रोटी कमानी होती है तो खा लेते हैं। एक अन्य शख्स ने बताया कि रामपुर की गुंडागर्दी इस सरकार ने खत्म की है। अपराध भी खत्म हुए हैं यहां। यहां हिंदु-मुसलमान में भाईचारा है। एक शख्स ने बताया कि यहां पहले टेक्सटाइल की फैक्टरी और चीनी मिल चल रही थी लेकिन उसे न सपा ने शुरू करवाया और न ही भाजपा ने। 

09:06 AM, 13-Nov-2021

मेन मुद्दा रोजगार है

वर्तमान सरकार से नाखुशी के सवाल पर लोगों ने कहा कि नाखुशी तो नहीं है लेकिन जो काम नहीं हुए हैं उसके लिए सरकार जिम्मेदार है। एक युवक ने कहा कि मेन मुद्दा रोजगार है। सरकार कोई भी हो भर्तियां नहीं करती। जो लोग ट्रेनिंग कर रहे हैं उनकी भी भर्ती नहीं हुई।

08:59 AM, 13-Nov-2021

नोटबंदी से आज भी नहीं उबर सका रामपुर

एक शख्स ने बताया कि, सबसे बड़ा मुद्दा यहां का बेरोजगारी है। यहां के सारे उद्योग खत्म हो चुके हैं। जब से नोटबंदी हुई है, तब से सभी व्यापार चौपट हो गए। खर्चे रहे लेकिन कमाई का साधन खत्म हो गया। व्यापारी नहीं कह सकता है कि उसकी सेविंग है। दिवाली पर दस प्रतिशत भी काम नहीं था। विकास रामपुर का सही तरीके से नहीं हो पाया।

08:56 AM, 13-Nov-2021

रामपुर में हुआ बहुत विकास

गुलशन अरोड़ा ने बताया कि रामपुर में बहुत विकास हुआ है और ट्रांसपोर्ट नगर के लिए भाजपा सरकार ने जगह चिन्हित की है। बिलासपुर गेट के पास जगह चिन्हित है। बिलासपुर के पास लोग निकल नहीं पाते थे लेकिन अब दो मिनट नहीं रुकते और आराम से नैनीताल तक जाते हैं।

अयूब नाम के एक मजदूर ने बताया कि पिछली सरकार में बहुत विकास हुआ है। जितनी भी सड़कें चौड़ी हुई हैं वो समाजवादी सरकार में हुआ है। रजाक नाम के मजदूर ने बताया कि अब रामपुर में बदलाव आया है। पहले सड़कें गंदी थीं अब साफ सफाई बेहतर है।

08:52 AM, 13-Nov-2021

ट्रांसपोर्ट नगर आज तक नहीं बना

रामपुर छोटा होने के बावजूद देश और यूपी की राजनीति में बहुत मायने रखता है और आज यहीं अमर उजाला का पड़ाव है। अमर उजाला का चुनावी रथ चाय पर चर्चा के लिए रामपुर के रेलवे स्टेशन के निकट सिविल लाइंस पहुंच चुका है। यहां जब लोगों से पूछा गया कि क्या रामपुर में विकास हुआ है तो बहुत से लोगों ने कहा कि हां हुआ है। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि नहीं हुआ है क्योंकि यहां ट्रांसपोर्ट नगर आज भी नहीं बना।

08:33 AM, 13-Nov-2021

विशेष प्रोत्साहन की व्यवस्था

'सत्ता का संग्राम' से जुड़े कार्यक्रमों में जमीनी स्तर पर हिस्सा लेने वाले दर्शकों और श्रोताओं के लिए विशेष प्रोत्साहन की भी व्यवस्था की गई है।

  • अमर उजाला अखबार और amarujala.com पर आपको कार्यक्रम स्थल की जानकारी मिलेगी।
  • 'सत्ता का संग्राम' से जुड़ा व्यापक जमीनी कवरेज आप अमर उजाला अखबार में पढ़ सकेंगे।
  • amarujala.com पर आप कार्यक्रमों को लाइव देख सकेंगे। सभी कार्यक्रम अमर उजाला डिजिटल के फेसबुक पेज और यू-ट्यूब चैनल पर भी देखे जा सकेंगे।
  • इन सभी कार्यक्रमों के जरिए दर्ज होने वाली जनता की आवाज विशेष रूप से अमर उजाला के पॉडकास्ट "आवाज" पर भी उपलब्ध रहेगी।

08:32 AM, 13-Nov-2021

समाज के हर वर्ग से मुखातिब होगा अमर उजाला

इस विशेष अभियान के तहत अमर उजाला हर वर्ग के मतदाताओं तक पहुंचेगा। महिलाओं-युवाओं से संवाद होगा और राजनीतिक हस्तियों से सीधे सवाल पूछे जाएंगे। अमर उजाला आपको एक मंच देगा, जहां आप बातों को रख सकेंगे, ताकि जब राजनीतिक हस्तियां चुनावी रैलियां करने आएं तो उन्हें आपसे जुड़े जमीनी मुद्दे भी याद रहें।

08:32 AM, 13-Nov-2021

कब और कहां-कहां कार्यक्रम  

1. समय - सुबह 8 बजे
चाय पर चर्चा
स्थान : रेलवे स्टेशन के निकट सिविल लाइंस, रामपुर

2. समय - सुबह 10 बजे
युवाओं से चर्चा
स्थान - इंपैक्ट कालेज, थूनापुर भोट, रामपुर

3. समय - दोपहर 1 बजे
आधी आबादी से चर्चा
स्थान - रोशन बाग पार्क, सिविल लाइंस, रामपुर 

4. समय - दोपहर 3 बजे
राजनीतिक दलों से चर्चा
स्थान - आंबेडकर पार्क सिविल लाइंस, रामपुर

08:05 AM, 13-Nov-2021

UP Election 2022 : रामपुर में धारदार तरीके से चला सत्ता का संग्राम, आगामी चुनाव को लेकर जानिए क्या है वहां की जनता के मन में

अगर आप रामपुर के रहने वाले हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' गाजियाबाद और मुरादाबाद के बाद आज यानी शनिवार 13 नवंबर को आपके शहर रामुपर में है। आपके पास 'अमर उजाला' के इस विशेष चुनावी अभियान से जुड़ने का अच्छा मौका है। यह आपका अपना मंच है, जहां से आप अपने क्षेत्र, शहर, राज्य और देश के हर मुद्दों को उठा पाएंगे। आप बता पाएंगे कि आने वाले चुनाव में नेताओं और राजनीतिक दलों से आपको क्या उम्मीदें हैं? किन मसलों को लेकर आप वोट करेंगे और नेताओं से आप क्या चाहते हैं?

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें