बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात मिट्टी से भरा एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित किराना व्यापारी के घर में घुस गया। हादसे में परिवार बाल-बाल बच गया, लेकिन मकान क्षतिग्रस्त हो गया।
ग्राम मानपुर ओझा निवासी किराना व्यापारी रमेश चंद्र मंडल और उनके भाई नरेश चंद्र मंडल परिवार समेत घर में सो रहे थे। रात करीब तीन बजे डंपर मकान के बाहरी हिस्से को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद चालक और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक हुई। दोनों पक्षों ने अपने-अपने समर्थकों को बुला लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि डंपर चालक ने मिट्टी मौके पर ही फैला दी। रुद्रबिलास चौकी प्रभारी योगेश कुमार ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने दिन-रात दौड़ रहे अवैध खनन वाहनों पर रोक लगाने की मांग भी उठाई।
कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों के बीच समझौता वार्ता चल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हादसा दिन में हुआ होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।