भोट (रामपुर)। आपसी विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों की महिलाएं व पुरुष भी एक दूसरे पर लाठी व धारदार हथियारों से हमला करने लगे। हमले में दोनों पक्षों की चार महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। वहीं, इस दौरान एक पक्ष के आक्रोशित लोगों ने धार्मिक स्थल में ताला लगा दिया। ताले को कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने खुलवा दिया। पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय भेजकर दोनों पक्षों के सात आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम नरखेड़ा मजरा थूनापुर में रविवार दोपहर बाद गांव निवासी मैसर अली व निजाम के बीच मस्जिद में नमाज पढ़ने के बाद विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के परिजन लाठी डंडे व धारदार हथियार लेकर मस्जिद के बाहर आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों की महिलाएं भी मौके पर आ गईं और एक दूसरे पर हमला करने लगे। लाठी डंडे लगने से एक पक्ष की परवीन जहां, निजाम, नक्शे अली व शौकत अली घायल हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष के कमरूल निशा, मैसर अली गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान एक पक्ष ने मस्जिद में भी ताला लगा दिया। दोनों पक्षों में विवाद पर तमाम ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख झगड़ा कर रहे लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवा दिया तथा मस्जिद में लगे ताले को अपनी मौजूदगी में खुलवाया।
वहीं, पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर गांव निवासी मेहरबान, मैसर, बहादुर अली, निजाम, नक्शे अली, शौकत अली व इरफान के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि आपसी विवाद में दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवाकर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपेार्ट दर्ज की गई है।