केसरपुर गांव में जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम, स्रोत विभाग
रामपुर। जिले में पिछले 24 घंटे में जिले में डेंगू के दो और नए मरीज मिले हैं। ब्लॉक सैदनगर के केसरपर गांव निवासी बहनें आशिया और आशिबा की जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई है। दोनों को पिछले पांच दिन से बुखार आ रहा था। दोनों बहनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। जिले में अब तक 17 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है।
मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 795 मरीज पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा बुखार के थे। बुखार के मरीजों को डॉक्टरों ने खून की जांच कराने की सलाह दी, जिसमें करीब 110 लोगों की जांच कराई गई। मालूम रहे कि जिले में बुखार तेजी से फैल रहा है।
सरकारी के अलावा निजी अस्पतालों में मरीजों की भरमार है। बुखार के मरीजों की प्लेटलेट्स कम हो रही हैं। इस समय गली-मोहल्लों, गांव एवं शहर में बुखार उल्टी-दस्त, मलेरिया, डेंगू, दाद-खाज और खुजली के अलावा सांस के गंभीर मरीजों का इलाज झोलाछाप व्यक्ति कर रहे हैं। झोलाछाप डॉक्टर लोगों की जान से जहां खिलवाड़ कर रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कुछ स्वास्थ्यकर्मियों की मिलीभगत से झोलाछापों ने कई बड़े हॉस्पिटल तक खोल रखे हैं। जहां पर मरीजों का इलाज किया जा रहा है।