टांडा के ग्राम यूसुफ नगर में बालक की मौत के बाद सड़क पर मौजूद भीड़, तथा हंगामा करते परिजन
टांडा (रामपुर)। गांव यूसुफ नगर में रविवार की दोपहर खनन भरे तेज रफ्तार डंपर ने गांव निवासी अकरम के आठ साल के बेटे अर्श को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने डंपर में तोड़फोड़ कर दी। बाद में चितरिया जागीरपुर-शाहपुरा मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली प्रभारी ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
क्षेत्र के यूसुफनगर निवासी अकरम दिल्ली में मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनका आठ साल का बेटा अर्श कक्षा तीन का छात्र था। रविवार की दोपहर अर्श घर के पास स्थित दुकान से काॅपी लेकर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आए खनन के तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया, जिससे अर्श की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर छोड़कर भाग गया। परिजनों ने चितरिया जागीरपुर-शाहपुरा मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जाम के कारण यातायात ठप हो गया और माहौल तनावपूर्ण बना रहा। हादसे की सूचना पर कोतवाली प्रभारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों का आरोप है कि ओवरलोड डंपर और ट्रक दिन-रात बिना किसी रोकटोक के सड़क पर दौड़ते हैं और आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं, मगर जिम्मेदार कार्रवाई नहीं करते।