आईपीएस अधिकारी डॉ अजयपाल शर्मा की कथित पत्नी दीप्ति शर्मा के खिलाफ रामपुर में भी दो मुकदमे दर्ज हैं। इन मुकदमों में चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है। आईपीएस वैभव कृष्ण के आरोप के बाद जब शासन स्तर पर एसआईटी की जांच शुरू हुई तो इस मामले के बारे मे पता चला। फिलहाल एसआईटी इन मुकदमों के विवेचकों के भी बयान दर्ज कर चुकी है।
प्रदेश के चर्चित आईपीएस अधिकारी अजयपाल शर्मा की रामपुर में तैनाती रही है। वह 10 जून 2019 से नौ जनवरी 2020 तक रामपुर के पुलिस अधीक्षक रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सांसद आजम खां के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर सुर्खियां बटोरीं। अजयपाल के कार्यकाल में आजम खां और उनके समर्थकों पर कई मुकदमे दर्ज हुए।
इसके अलावा उन्होंने मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप को भी गोली मारकर गिरफ्तार करने के मामले में चर्चा में आए थे। आईपीएस वैभव कृष्ण द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद उनका रामपुर से तबादला कर दिया गया था। शासन ने उन पर लगे आरोपों की जांच एसआईटी की सौंप दी थी।
अब उनकी कथित पत्नी दीप्ति शर्मा ने लखनऊ के हजरतगंज थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसके बाद यह सामने आया कि दीप्ति शर्मा के खिलाफ तो रामपुर में भी दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों मुकदमे सिविल लाइंस कोतवाली दर्ज है। दीप्ति शर्मा के खिलाफ तीन सितंबर 2019 को आईपीसी की धारा 420 और 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
दूसरा मुकदमा 18 नवंबर 2019 में आईपीसी की धारा 420, 467, 468 और 471 में दर्ज है। इन दोनों मुकदमों में पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। हैरानी की बात यह है कि ये मुकदमे गुपचुप तरीके से दर्ज किए गए थे और एक मुकदमे में तो पुलिस को वादी भी नहीं मिल पा रहा है।