नगर में रामपुर मार्ग पर निजी बस से उतरते समय एक महिला की पहिए के नीचे आने से मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने मार्ग जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक मार्ग जाम रहा। ग्रामीणों ने मृतका के बेटे को नौकरी दिए जाने की मांग की। पुलिस व तहसीलदार ने कड़ी मशक्कत के बाद जैसे तैसे जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के बेटे ने बस छोड़कर फरार हुए अज्ञात चालक के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भगवंतपुर का मझरा निवासी रूप सिंह अपने बच्चों सहित मुरादाबाद जनपद के मूढ़ा पांडे में रहकर अपनी गुजर बसर करता। मंगलवार सुबह रूप सिंह की तीस वर्षीय पत्नी सुनीता अपने पुत्र के साथ गांव आ रही थी। बताया जाता है कि शाहबाद से रामपुर जाने वाली निजी बस में सुनीता तालकाबाद तक जाने के लिए सवार हुई। तालकाबाद पर बस से उतरते समय सुनीता बस के पहिए के नीचे आ गई और कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला की बस से कुचलकर मौत होते ही चालक व परिचालक बस छोड़कर भाग गए। सुनीता की मौत की खबर सुनकर गांव से उसके परिजन व तमाम ग्रामीण भी आनन फानन में मौके पर आ पहुंचे और उत्तेजित लोगों ने मृतक के पुत्र पंकज को सरकारी नौकरी दिए जाने व मृतक की पुत्री की शादी के लिए रुपये दिए जाने की मांग को लेकर शाहबाद- रामपुर मार्ग पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना मिलते ही शाहबाद कोतवाली पुलिस व तहसीलदार मौके पर जा पहुंचे और उन्होंने जाम लगाए बैठे लोगों को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए उठाने का प्रयास किया। लेकिन उत्तेजित भीड़ ने बिना उनकी मांग को पूरी किए शव उठवाने से इंकार कर दिया। लोगों को आक्रोशित देख तहसीलदार व कोतवाली पुलिस ने संभ्रात लोगों को साथ लेकर काफी मुश्किल से चार घंटे में परिजन व उत्तेजित भीड़ को मनाया और उन्हें मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। तब जाकर दोपहर करीब दो बजे भीड़ ने पुलिस को पोस्टमार्टम के लिए शव उठाने दिया। मृतक के बेटे पंकज ने कोतवाली पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। चार घंटे जाम लगने से शाहबाद रामपुर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।