शाहबाद (रामपुर)। रामगंगा नदी किनारे बमनपुरी श्मशान घाट के सामने चेकिंग के दौरान रोकने पर टाटा मैजिक में सवार गोतस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो गोतस्कर पैर में गोली लगने पर घायल हो गए। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन गोतस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, गोवध करने के उपकरण, मैजिक वाहन बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, शाहबाद पुलिस मंगलवार की रात गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रामगंगा नदी के किनारे बमनपुरी श्मशान घाट के सामने से एक टाटा एस (छोटा हाथी) ढकुरिया गांव की ओर से आती दिखाई दी। टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार आरोपियों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो आरोपियों के पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन आरोपी मौके से भाग हो गए। जिन गोतस्करों के गोली लगी है, उनमें शाहबाद के नालापार का रहने वाला हिस्ट्रीशीटर सुभान और बदायूं के बिसौली क्षेत्र के नई बस्ती का रहने वाला परवेज शामिल है।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस को घटनास्थल से दो तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, नाल में फंसे दो खोखा कारतूस, कुल्हाड़ी, चापड़, छुरी, लकड़ी का गोल गुटका, पशु बांधने की रस्सी और करीब 100 काली पन्नी बरामद हुई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रामपुर भेजा गया है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ तीन दिन पहले रात में ढकिया के पास गोवंशीय पशु का वध किया था। इस मामले में थाना शाहबाद कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं, भागे हुए तीन अपराधियों की शिनाख्त करने में पुलिस जुटी हुई है।