शाहबाद-आंवला मार्ग पर शनिवार की रात अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक पर सवार राणा शुगर मिल के दो ठेकेदारों की मौत हो गई। दोनों ठेकेदारों के एक ही गांव के होने के कारण गांव में मातम फैल गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के केसरपुर गांव निवासी सत्यवीर तथा भूपेंद्र करीमगंज की राणा शुगर मिल में ठेकेदारी का काम करते थे। शनिवार को सत्यवीर भूपेंद्र को अपनी ससुराल बरेली के थाना सिरौली क्षेत्र के गांव धोरेला बुलाकर ले गया था। रात में दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। शाहबाद- आंवला मार्ग पर रंपुरा और शाहबाद के बीच अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस दौरान दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
किसी ने 108 एंबुलेंस को फोन कर सड़क दुर्घटना में दो लोगों के घायल हो जाने की सूचना दी। सड़क दुर्घटना में दो लोगों के घायल होने की सूचना मिलते ही एंबुलेंस तत्काल मौके पर जा पहुंची और दोनों घायलों को शाहबाद लाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां डाक्टरों ने भूपेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल सत्यवीर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही सत्यवीर की भी मौत हो गई।
सड़क दुर्घटना में दोनों की मौत हो जाने की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची तो घरों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। दोनों मृतकों के परिजन तत्काल कोतवाली पहुंचे जहां उन्होंने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृत सत्यवीर अपने पीछे ग्यारह माह का बेटा छोड़ गया है। उसकी पत्नी आशा का रो रोकर बुरा हाल था। वह विलाप करते हुए कह रही थी कि मैं अपने लाल को कैसे पालूंगी। जबकि भूपेंद्र अपने पीछे छ: बेटियां सोनम, कामनी, रूबी, योगेश, प्रियांशु, सलोनी छोड़ गया है। उसकी पत्नी लज्जादेवी का भी रो रोकर बुरा हाल था। छ: बेटियों के साथ विलाप करते हुए वह कह रही थी कि हे नाथ अब में इन्हें कैसे पालूंगी।