स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी झोलाछापों पर शिकंजा कसने के लिए सक्रिय हो गए हैं, लेकिन यह सक्रियता कितने दिन तक रहेगी इस पर संशय बना है। डिप्टी सीएमओ ने शनिवार को मिलकखानम में झोलाछापों के खिलाफ छापेमारी की। इस दौरान टीम ने दो झोलाछापों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही उनके क्लीनिक भी सील कर दिए।
इस दौरान क्लीनिक से बरामद इंजेक्शन और दवाइयां जब्त कर पुलिस की सुपुर्दगी में दे दी गई हैं। जिले में झोलाछापों को लेकर स्वास्थ्य अधिकारियों की उदासीनता लगातार अखबारों की सुर्खियां बन रहीं थीं। खुद कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां ने नाराजगी जताते हुए झोलाछापों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
सीएमओ ने भी नोडल प्रभारी को कार्रवाई के लिए सख्त निर्देश दिए। इस पर शनिवार को डिप्टी सीएमओ ने मिलकखानम क्षेत्र में छापेमारी की। सीएमओ डा. शंकर लाल सारस्वत ने बताया कि छापेमारी के दौरान मिलकखानम में अमृत का बंगाली क्लीनिक और क्षेत्र के शहजादनगर में नितिन के क्लीनिक पर छापा मारा गया।
छापे के दौरान दोनों क्लीनिकों पर अवैध रूप से मेडिकल प्रैक्टिस होते हुए पाई गई। इस पर दोनों क्लीनिकों को सील कर दिया गया है। साथ ही मौके से दवाएं और इंजेक्शन भी बरामद किए गए हैं, जो जब्त कर पुलिस को सौंप दिए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि दोनों के खिलाफ मेडिकल एक्ट के तहत थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।