स्वार। नगर से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे दो सगे भाइयों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत भाग गया।
थाना अजीमनगर क्षेत्र के भोट बक्काल गांव निवासी सगे भाई वसीम और नफीस रविवार को खरीदारी करने स्वार आए थे। देर शाम बाइक से घर लौटते समय चमन शरीफ स्थित पेट्रोल पंप के सामने रामपुर की ओर से तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों भाई सड़क किनारे खाई में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी स्वार पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।