रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र में नैनीताल रोड पर ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को रौंद दिया जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया,जबकि चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के पहाड़ी गांव निवासी दिनेश (27) व रिंकू (23) आपस में सगे भाई हैं। वह एक पिलिंग मशीन में काम करते थे। शुक्रवार की शाम को दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस घर जा रहे थे।
नैनीताल रोड पर ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को रौंद दिया जिससे बाइक सवार दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
घायलों को तुंरत जिला अस्पताल लाया गया,जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। इस बीच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना के बाद पुलिस ने पनवड़िया के पास से ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से फरार हो गया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी संजीव कुमार के अनुसार चालक की तलाश की जा रही है।