मिलक (रामपुर)। बृहस्पतिवार को फंदे पर लटके मिले छात्र की हत्या के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनो को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।
मिलक कोतवाली क्षेत्र के एंजनखेड़ा गांव निवासी श्याम बिहारी पेशे से कृषक हैं और उनके दो पुत्र हैं। जिनमें उनका बड़ा लड़का शिवहरी उर्फ रिंकू (24) बीएससी कर रहा था और साथ में खेती में भी पिता का हाथ बंटाता था। जबकि, छोटा पुत्र मुनीश भी घर पर ही रहता है। बुधवार की रात को शिवहरी उर्फ रिंकू अपने कमरे में सोया था। गुरुवार की सुबह लगभग छह बजे रिंकू के पिता जब रिंकू को जगाने कमरे में गए थे, तो देखा शिवहरी उर्फ रिंकू का शव रस्सी के फंदे से झूल रहा था। कुछ ही देर में परिजनों के साथ साथ पड़ोसी और क्षेत्र के तमाम लोग एकत्र हो गए थे। परिजनों से सूचना मिलते ही मिलक प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंचे थे। कुछ ही देर बाद सीओ धर्म सिंह मर्छाल भी मौके पर पहुंच गए थे। इस दौरान मृतक के परिजनों ने छात्र की हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने के लिए कह दिया था।
शुक्रवार को छात्र के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, तो रिपोर्ट ने सभी चौंका दिया था। जिसमें छात्र की गला दबाकर हत्या होने की पुष्टि हुई थी। जिस पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर गांव के ही दो भाई सुभाष एवं हुकुम सिंह को नामजद करते हुए हत्या कि रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। वहीं, शनिवार को पुलिस ने इस मामले में दोनो भाइयों को क्योरार मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। मिलक थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पानी की निकासी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते हत्या को अंजाम दिया गया था। दो सगे भाइयों सुभाष और हुकुम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद शनिवार को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।