रामपुर। काशव नगला गांव में गब्बर की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं। दोनों कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव काशव नगला में बुधवार रात को गब्बर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के भाई की ओर से धीरेंद्र सिंह उर्फ नन्हे यादव, चंद्रकेश, जीवन सिंह, धारा सिंह उर्फ राजेश और मोनू और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने हत्याकांड के दो आरोपी धीरेंद्र सिंह और उसके भाई चंद्रकेश को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक धीरेंद्र के पास से हत्या में प्रयुक्त 315 का तमंचा व दो कारतूस और चंद्रकेश के पास से 12 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या की वजह चुनावी रंजिश नहीं बल्कि रुपयों का लेनदेन बताई है।
काशव नगला गांव में गब्बर की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों से पूछताछ में हत्या की वजह चुनावी रंजिश नहीं बल्कि रुपयों व सामान के लेनदेन को बताया है।
श्रीकांत प्रजापति, सीओ