रामपुर। अजीमनगर थाना क्षेत्र में कार में भरकर गोवंशीय पशु को वध करने के लिए ले जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
कुछ माह पहले अजीमनगर पुलिस ने एक कार में गोवंशीय पशु को वध करने के लिए ले जा रहे छह लोगों को रास्ते मे रोक लिया था। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था,बाकी पांच पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए थे। बाद में पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने अब इस मामले में ढक्का हाजीनगर निवासी निजामुद्दीन और गंज थाना क्षेत्र के काशीपुर गांव निवासी परवेज के खिलाफ मुकदमे में धाराएं बढ़ाते हुए गैंगस्टर की कार्रवाई कर दी है। साथ ही शुक्रवार की दोपहर को अजीमनगर पुलिस ने पैंगा गांव को जाने वाले रास्ते के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे और पांच कारतूस बरामद किए हैं। अजीमनगर थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि दो लोगों पर गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।