रामपुर। महाकुंभ के लिए परिवहन निगम को अभी तक ग्रामीण स्तर से काेई बुकिंग नहीं मिली है। शर्त यह कि जब 52 यात्री महाकुंभ जाने को तैयार होंगे तभी बस गांव से लेकर उन्हें महाकुंभ जाएगी। 52 यात्रियों में से दो की यात्रा निशुल्क होगी। ऐसे में गांव से यात्रियों को लेकर महाकुंभ की सैर कराने वाला परिवहन निगम का फार्मूला नाकाम साबित हो गया है।उधर, दूसरी तरफ शासन स्तर से मांगी गई 57 बसों में से पहले दिन सोमवार को एआरएम दो बसें महाकुंभ भेज रहे हैं। इन बसों को सुबह 11 बजे रोडवेज बस अड्डे पर शहर विधायक आकाश सक्सेना हरी झंडी दिखाकर प्रयागराज के लिए रवाना करेंगे। इसके बाद अन्य शेष 55 बसों को भी विभिन्न तिथियों में महाकुंभ भेजा जाएगा।
एआरएम महेंद्र कुमार ने बताया कि महाकुंभ जाने वाली बसों में यदि रास्ते में प्रयागराज के लिए सवारी मिलती है तो उसे चालक-परिचालक बैठाएंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह 21 जनवरी के बाद अगले दिनों में धीरे-धीरे पांच-पांच करके कुल 57 बसों को प्रयागराज भेजेंगे। उन्होंने कहा कि रामपुर रोडवेज डिपो में मौजूदा समय में 80 बसें संचालित हैं।
महाकुंभ के लिए बस की यात्रा महंगी
एआरएम ने बताया कि महाकुंभ 13 जनवरी से शुरू हो गया है। अब तक एक भी यात्री ने महाकुंभ के लिए रोडवेज डिपो से यात्रा नहीं की है। इसका कारण रोडवेज बस का टिकट महंगा होना भी बताया जा रहा है। प्रति यात्री रामपुर से प्रयागराज का टिकट 768 रुपये है, जबकि ट्रेन में सामान्य श्रेणी में 160 रुपये और स्लीपर में 325 रुपये टिकट है।
शोपीस साबित हो रही हेल्पडेस्क
रोडवेज बस अड्डा पर यात्रियों की सहूलियत के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है। इसे बने हुए ढाई सप्ताह से भी अधिक समय गुजर गया है। लेकिन, इस डेस्क पर हेल्प लेने के लिए कोई यात्री नहीं आ रहा है। हेल्प डेस्क के इंचार्ज शैलेंद्र वाजपेयी ने बताया कि अभी तक हेल्प डेस्क पर महाकुंभ के लिए कोई कुछ पूछने नहीं आया है।