रामपुर। भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ना शुरू हो गया है। शहर के मोहल्ला बंगला आजाद खां में ट्रांसफार्मर में शनिवार की रात नौ बजे अचानक आग लग गई। रविवार को दिनभर ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया। 24 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। इससे लोग बेहाल हैं। शनिवार रात करीब 10 बजे दोमहला रोड स्थित बंगला आजाद खां मोहल्ले में रखे 250 केवीए के दो ट्रांसफार्मरों में शार्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे धुएं के साथ दोनों ट्रांसफार्मर फुंक गए। इस दौरान घेर मर्दान खां और हल्के वाली ज्यारत और बंगला आजाद खां की बत्ती गुल हो गई। रात भर दो हजार लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
सुबह तक इंतजार करने के बाद जब बिजली नहीं आई तो लोग रविवार को बिजलीघर पहुंचे, लेकिन रविवार बताकर किसी ने ट्रांसफार्मर नहीं बदलवाया। अब ऐसे में रविवार को पूरे दिन और रात भर लोग करवटें बदलते रहे। जेई नागेंद्र ने बताया कि रविवार की वजह से ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी गई है।