रामपुर। उर्स का मेला देखने घर से निकले रसूलपुर-फरीदपुर गांव निवासी सलमान (30) का शव रसूलपुर की पुलिया के निकट साप्ताहिक बाजार के मैदान में पड़ा मिला। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव लेकर चले गए और सुुपुर्द-ए-खाक कर दिया। कोतवाली स्वार क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी सलमान हल्द्वानी में रहकर मजदूरी करता था। वह दो दिन पहले ही अपने घर आया था। उसके परिवार द्वारा एक मजार पर उर्स कराया जा रहा है, जहां मेला भी लगा हुआ है। शनिवार की रात वह रामपुर-स्वार रोड के निकट उर्स का मेला देखने गया था, लेकिन वापस नहीं लोटा।
रविवार की सुबह राहगीर साप्ताहिक बाजार की ओर से गुजर रहे थे तो वहां पड़ा शव मिला। सूचना मिलने पर परिजन पहुंच गए और शव लेकर घर चले आए। ग्रामीणों ने बताया कि युवक नशे का आदी थी, इसलिए परिजन नशा छुड़वाने के लिए उसका इलाज भी करा रहे थे। पुलिस को सूचना दिए बिना शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। मृतक ने पत्नी के अलावा पांच साल की बेटी आयत और तीन साल के बेटे अरमान को छोड़ा है। कोतवाली पुलिस ने सूचना न मिलने की जानकारी दी।