रामपुर। ट्रेनों की लेटलतीफी थमने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन किसी न किसी ट्रेन के देरी से पहुंचने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बीच तीन ट्रेनें एक घंटे से अधिक देरी से रामपुर स्टेशन पहुंचीं।
नौचंदी एक्सप्रेस एक घंटा 52 मिनट, सत्याग्रह एक्सप्रेस एक घंटा 29 मिनट और काशी विश्वनाथ एक घंटा 16 मिनट लेट रही। वहीं, कई अन्य ट्रेनें भी निर्धारित समय से कुछ देरी से प्लेटफार्म पर पहुंच सकीं। इससे यात्रियों को काफी देर तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
सोमवार को सुबह से ही मौसम खराब रहा और रुक-रुककर बारिश होती रही। ऐसे में स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। निर्धारित समय पर ट्रेन नहीं पहुंचने पर यात्री बार-बार अपनी ट्रेन के बारे में जानकारी करने के लिए पूछताछ काउंटर का रुख करते रहे। कुछ यात्री मोबाइल पर ट्रेन की लोकेशन और स्थिति देखते नजर आए, जबकि कई लोग प्लेटफार्म पर बैठकर ट्रेन के आने का इंतजार करते रहे।
एक घंटे से अधिक देरी से पहुंचने वाली ट्रेनों के यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। यात्रियों का कहना था कि ट्रेनों की देरी अब आए दिन की समस्या बनती जा रही है। समय पर ट्रेन नहीं मिलने से आगे की यात्रा और जरूरी कामों का समय भी प्रभावित हो रहा है। बारिश के दौरान स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना यात्रियों के लिए और मुश्किल हो गया।
000
यह ट्रेनें भी देरी से पहुंचीं
दून एक्सप्रेस - 36 मिनट
पदमावत एक्सप्रेस - 54 मिनट
योगनगरी ऋषिकेश - 30 मिनट
000
लगभग सभी ट्रेनें निर्धारित समय पर ही रही हैं। कई स्थानों पर काम चल रहा है तो इस वजह से भी दिक्कत हो सकती है। यात्रियों को किसी भी तरह से दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। -मोहम्मद आजम, स्टेशन अधीक्षक, रामपुर