बिलासपुर (रामपुर)। शनिवार को नगर में नैनीताल हाईवे पर दिनभर जाम लगा रहा। बारिश के बीच जाम में फंसे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस दिन भर जाम खुलवाने में लगी रही, लेकिन शाम तक यातायात व्यवस्था सुचारू नहीं हो सकी।
शनिवार सुबह से ही हाईवे किनारे लगने वाली साप्ताहिक पैठ के कारण जाम की स्थिति बन गई। सुबह सात बजे से ही बाजार गेट के पास चार पहिया वाहनों से पहुंचे दुकानदारों की वजह से हाईवे पर वाहन रेंगने लगे। पुलिस ने जाम खुलवाना शुरू किया, लेकिन इसी बीच दुकानदारों ने हाईवे किनारे अतिक्रमण करना शुरू कर दिया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। दिनभर रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच वाहन जाम में फंसे रहे।
पटेल चौक, बाजार गेट, डाकखाना मोड़ और मुख्य चौराहे पर जाम खुलवाने के लिए पुलिस तैनात की गई थी, लेकिन पुलिस जाम खुलवाने में परेशान नजर आई। शाम छह बजे तक लोग जाम में फंसे दिखाई दिए। लोगों का कहना है कि नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की ढिलाई से हाईवे किनारे रोजाना होने वाला अतिक्रमण ही जाम का मुख्य कारण है। प्रशासन को इस पर सख्त व्यवस्था करनी चाहिए। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि वाहनों का दबाव अधिक होने से जाम लगा था। पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात सुचारू कर दिया।