रामपुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल से जुडे़ व्यापारियों ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता विद्युत कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद एक्सईन को ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों ने कहा कि बिजली विभाग द्वारा बड़ी तादात में नोटिस आम जनता को जारी किए गए हैं। जो कि आम जनता व गरीब जनता के लिए असहनीय हैं। लोगों को नोटिस जारी कर उत्पीड़न किया जा रहा है। साथ ही बिजली चेकिंग के नाम पर लगातार सीढ़ी लगाकर जनता को अपमानित कर जमकर शोषण किया जा रहा है। विभागीय अफसरों की तानाशाही कार्रवाई से उत्तर प्रदेश सरकार की छवि धूमिल हो रही है। विभाग के अधिकारियों की ओर से प्रदेश सरकार के आदेशों का हवाला देकर जनता में दहशत का माहौल उत्पन्न किया जा रहा है। मांग की गई कि जनहित में अति शीघ्र वर्तमान में दयनीय व अत्यधिक तंग अर्थव्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए जनता के ऊपर विद्युत विभाग द्वारा किए जा रहे जुल्म को रोकने के लिए आदेश जारी किया जाए। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजीव शर्मा, युवा जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, महफूज हुसैन, पुलकित अग्रवाल, अतुल शर्मा, शाहिद अली, विजय अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।